भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मिरहट्टी गांव में अवैध संबंध के शक को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान एक पक्ष से साजन कुमार और चंदन कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे पक्ष से अमन कुमार घायल हुए हैं।
घायल की बहन ने सुनाई आपबीती
घटना को लेकर घायल अमन की बहन सुलेखा ने आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि गोतिया के लोगों ने उनके भाई अमन पर एक महिला के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए जबरन घर में घुसकर लाठी-डंडों से पिटाई की। उन पर चाकू से भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट घायल।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पूरी घटना पर पुलिस-प्रशासन की नजर
मामले को लेकर सुल्तानगंज थाना प्रभारी विष्णु देव कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
