गायघाट विधायिका कोमल सिंह समेत नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ,

बिहार की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र शुरू

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार। गायघाट

बिहार विधानसभा की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथग्रहण के साथ शुरू हुआ।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा नियुक्त प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने सदन में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।

बिहार के 243 सदस्यीय सदन के सभी विधायकों को शपथ के प्रारूप पांच भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू और मैथिली में उपलब्ध कराए गए थे।

तारापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले शपथ ली। उनके बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली, जो लगातार चौथी बार लखीसराय से विधायक हैं।
शपथ ग्रहण के बाद मंत्रियों ने प्रोटेम स्पीकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अभिवादन किया।

मिथिलांचल क्षेत्र से आने वाले कई विधायकों ने मैथिली में शपथ ली, जिनमें मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और अलीनगर से निर्वाचित सबसे कम उम्र की विधायक एवं गायिका मैथिली ठाकुर शामिल हैं। अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ विधायकों तथा असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के सदस्यों ने उर्दू में शपथ ली। गायघाट से नवनिर्वाचित कोमल सिंह ने भी हिन्दी में शपथ ली। उसके बाद जय गायघाट जय बिहार के नारे लगाई।

कटिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक तारकिशोर प्रसाद, सोनबरसा से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक रत्नेश सदा और कुछ अन्य सदस्यों ने संस्कृत में शपथ ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक विष्णु देव पासवान ने अंग्रेजी में शपथ ली।