विज्ञान, कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी में चमके विद्यार्थी,
महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, लहेरियासराय में हुआ भव्य आयोजन
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान, बंगाली टोला, लहेरियासराय में शनिवार को विज्ञान, कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्णानंद सदा, दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. ब्रजेश कुमार, बिहार बाल विज्ञान अनुसंधान कार्यक्रम के जिला समन्वयक राम बुझावन यादव रमाकर, केंद्रीय विद्यालय दरभंगा के कला शिक्षक राजू कुमार, संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा तथा प्राचार्या श्रावणी शिखा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के बाद विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया। मिथिला की परंपरा के अनुसार चेयरमैन हीरा कुमार झा ने सभी अतिथियों को पाग और अंगवस्त्र से सम्मानित किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक को आज केवल पढ़ाई या रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
उद्घाटनकर्ता जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्णानंद सदा ने प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा दिखाए गए उत्साह और रचनात्मक क्षमता की प्रशंसा करते हुए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। मुख्य अतिथि डॉ. ब्रजेश कुमार ने कहा कि विज्ञान में कौशल निर्माण का आधार जिज्ञासा है, और बच्चे इस दिशा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शों की सराहना करते हुए कहा कि “जीत से बड़ा सीखना है।”
विशिष्ट अतिथि राम बुझावन यादव रमाकर ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियाँ विद्यार्थियों की श्रृजनशीलता को निखारती हैं और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विशिष्ट अतिथि राजू कुमार ने कहा कि यह आयोजन बच्चों में विज्ञान और कला के प्रति लगन पैदा करता है और समाज के लिए प्रेरक है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य श्रावणी शिखा ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों के सहयोग से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
