पुलिस का नागरिकों से व्यवहार अब राडार पर, असभ्य आचरण पर तुरंत होगी कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार पुलिस मुख्यालय ने पुलिस–जनसंपर्क को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अपर पुलिस महानिदेशक (बजट/अपील/कल्याण) द्वारा सभी वरीय पुलिस अधिकारियों और इकाइयों को भेजे गए नए निर्देश में साफ कहा गया है कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मियों का व्यवहार नागरिकों के प्रति शिष्ट, संयमित और कानूनसम्मत होना अनिवार्य है।

हाल ही में हुई कल्याण कोष की बैठक में बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बेहतर पुलिसिंग पर चर्चा की। इसी दौरान पुलिस महानिदेशक, बिहार ने पटना के नदी थाना और कटिहार के बारसोई थाना में पुलिसकर्मियों द्वारा असभ्य आचरण की पुष्टि होने के बाद की गई निलंबन कार्रवाई का उल्लेख किया। डीजीपी ने कहा कि ऐसे मामलों से न केवल पुलिस की साख पर असर पड़ता है, बल्कि जनता का भरोसा भी कम होता है।

अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ बल को यह सुनिश्चित कराएँ कि जनता से बातचीत, पूछताछ और कार्रवाई के दौरान मर्यादा, धैर्य और पेशेवराना व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
निर्देश में यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी पुलिसकर्मी का असभ्य या अपमानजनक व्यवहार सामने आता है, तो तुरंत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।