सीवान के दरौंदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दरौंदा-महाराजगंज मुख्य मार्ग पर स्थित सिरसाव गांव के समीप सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया।
मृतक की पहचान दुर्गा साह के 25 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश साह के रूप में की गई है।
परिजनों के मुताबिक, जयप्रकाश साह गुरुवार की दोपहर अपने एक साथी के साथ महाराजगंज गया था। देर शाम तक घर लौटकर न आने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी खोजबीन शुरू की गई।
उसके साथ गए साथी से पूछताछ की गई, लेकिन उसने भी उसकी कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। पूरे रात परिजन व ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में खोज करते रहे, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।
शव मिलने की सूचना से गांव में पसर सन्नाटा
शुक्रवार को ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक गड्ढे में शव देखा और इसकी सूचना तुरंत परिजनों एवं पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जयप्रकाश साह के रूप में की। शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
घटना की जानकारी मिलने पर दरौंदा थाना प्रभारी पपन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर मामला सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के बयान एवं संदेहों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
परिजन घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस ने युवक के साथ गए साथी से भी विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है, क्योंकि परिजन उसके व्यवहार और बयान पर संदेह जता रहे हैं। इधर, युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन इस घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी है। घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और लोग इस पूरे मामले पर पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतज़ार कर रहे हैं।
