ससुराल पक्ष के 5 लोगों पर FIR, पत्नी के मायके से लौटने के बाद सामने आया मामला।
बेलांव थाना ने शुरू की जांच।
कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र के खरेंदा गांव में पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। पहली पत्नी लक्ष्मिना कुमारी ने अपने पति टुनटुन कुमार, उसकी दूसरी पत्नी, सास, ननद और भैंसुर सहित पांच लोगों के खिलाफ बेलांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पति और उसकी दूसरी पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव में छापेमारी कर पति टुनटुन कुमार और उसकी दूसरी पत्नी लालसा कुमारी को गिरफ्तार किया। वहीं, खरेंदा गांव से सास और भैंसुर को हिरासत में लिया गया।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फर्द बयान के लिए कोर्ट भेज दिया गया है। ननद अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पत्नी मायके गई, इधर पति ने युवती से चुपचाप शादी रचाई
बेलांव थाना प्रभारी चंद्रप्रभा ने बताया कि टुनटुन कुमार की पहली शादी वर्ष 2020 में सोनहन थाना क्षेत्र के बेलाढ़ी गांव की लक्ष्मिना कुमारी से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही टुनटुन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। लगभग छह महीने पहले उसने लक्ष्मिना की बुरी तरह पिटाई की थी, जिसके बाद उसके मायके वाले उसे अपने गांव बेलाढ़ी ले गए थे।
इसी बीच, टुनटुन ने जुलाई माह में मुंडेश्वरी मंदिर परिसर में नोखा थाना क्षेत्र के मानी गांव की एक युवती से चुपचाप दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद वह भगवानपुर थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव में किराए के मकान में दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा।
ससुराल आने पर सामने आया मामला
दो दिन पहले लक्ष्मिना अपने बच्चों के गर्म कपड़े लेने खरेंदा आई थी। यहीं पर ग्रामीणों से उसे पति की दूसरी शादी के बारे में जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद उसने थाने में आवेदन दिया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
यह भी सामने आया है कि दूसरी पत्नी की मां ने भी जुलाई माह में नोखा थाने में टुनटुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
उन्हें तब पता चला था कि उनकी बेटी की शादी एक विवाहित युवक से कर दी गई है। टुनटुन की गिरफ्तारी की सूचना पर नोखा थाना के एएसआई नीरज कुमार बेलांव पहुंचे और दोनों पक्षों से पूछताछ की।
बेलांव पुलिस ने सास और भैंसुर को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार ननद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
