वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा सभी थाना क्षेत्रों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय, दरभंगा में सभी थाना क्षेत्रों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न थानों में पूर्व से लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा हत्या, डकैती, लूट, दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की गई।

बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण एवं जिले की विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान प्रमुख निर्देश 

 गुंडा पंजी का अद्यतन:
सभी थानों को सक्रिय अपराधकर्मियों की सूची, उनके पते एवं आपराधिक इतिहास को गुंडा पंजी में अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

 ई-साक्ष्य ऐप पर वीडियो अपलोड

महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित सभी वीडियो साक्ष्यों को ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने का सख्त निर्देश दिया गया।

 शराबबंदी उल्लंघन पर कार्रवाई:

शराबबंदी नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ लगातार सघन गश्ती चलाने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश हेतु विशेष अभियान चलाने के भी आदेश दिए गए।

न्यायालय के परिवाद पत्र पर त्वरित एफआईआर:
न्यायालय से प्राप्त परिवाद पत्रों पर बिना विलंब प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

 डायल-112 की शिकायतों का समय पर निष्पादन:

डायल-112 पर प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्ष, अनुसंधानकर्ता एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।