जिलाधिकारी ने जनता दरबार में कई समस्याओं का किया समाधान,जनता दरबार में 30 से अधिक परिवादी हुए उपस्थित

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आए सभी परिवादियों की समस्याओं को अत्यंत धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने कई मामलों का तात्कालिक समाधान किया तथा शेष आवेदनों के निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आज के जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों जैसे भूमि विवाद, बासगीत पर्चा, अतिक्रमण, म्यूटेशन एवं जमीन मापी से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान है। सभी विभागीय पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आम जनता की शिकायतों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और त्वरित रूप से किया जाए।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए ठोस एवं स्पष्ट कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनता दरबार के दौरान उप विकास आयुक्त  स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, नोडल आईटी सेल पूजा चौधरी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।