10 लाख महिलाओं के खाते में 1000 करोड़ का अंतरण : दरभंगा में अम्बेडकर सभागार से मुख्यमंत्री का संदेश LIVE

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा आज बिहार की 10 लाख लाभुक महिलाओं के खातों में 10,000-10,000 रुपये की राशि (कुल 1000 करोड़ रुपये) का सीधा अंतरण किया गया।
जिला स्तर पर इस राज्यव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दरभंगा के अम्बेडकर सभागार में किया गया, जहाँ जिले के सभी प्रखंडों से पहुँची सैकड़ों जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

वरिष्ठ हस्तियों की उपस्थिति से कार्यक्रम भव्य

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, जिलाधिकारी कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जनसंपर्क उपनिदेशक सत्येंद्र प्रसाद एवं डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी उपस्थित रहे।

जीविका दीदियों ने मिथिला की परंपरा के अनुरूप लोकगीत, पाग-चादर से अतिथियों का स्वागत किया।

लाभुक फूल देवी ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद कर सुनाया प्रेरक अनुभव

बेनीपुर की लाभुक फूल देवी ने बताया कि योजना से मिले 10,000 रुपये से उन्होंने फॉल-पिको मशीन खरीदी है और अब उनका लक्ष्य सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलना है, जिससे गाँव की अन्य महिलाएँ भी आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान भावुक होते हुए उन्होंने कहा—
“हमरा सबके दिल से इच्छा छेलै कि पुनः हमर मुख्यमंत्री नीतीश भैया बने।”
उनकी प्रगति देख कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित भी किया गया।

सरकार ने महिलाओं के उत्थान को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि जीविका दीदियों की मेहनत और विश्वास ने सरकार को पुनः मजबूती दी है। उन्होंने अधिकाधिक महिलाओं से जीविकोपार्जन से जुड़ने की अपील की।

सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने योजना को आधी आबादी के सशक्तिकरण का सबसे बड़ा कदम बताया और कहा कि  योजना की शुरुआत के दिन 25,000 समूहों की 1 करोड़ 40 लाख महिलाएँ शामिल हुईं।

अब तक 6 लाख 25 हजार जीविका दीदियों को 105 करोड़ रुपये,नवरात्रि में 75,000 महिलाओं को राशि,और आज 10 लाख लाभुकों को 1000 करोड़ रुपये का अंतरण किया गया।
उन्होंने लक्ष्य साझा किया कि देश में 3 करोड़ लखपति दीदियाँ बनाने का संकल्प लिया गया है, जिनमें से 2 करोड़ महिलाएँ पहले ही लखपति बन चुकी हैं।

उन्होंने साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, महिला स्टार्टअप, नारी वंदन योजना, तीन तलाक कानून तथा मुस्लिम महिलाओं हेतु हुनर योजना को महिलाओं के लिए वरदान बताया।

जिलाधिकारी: 35,000 से अधिक दरभंगा की महिलाओं को मिला लाभ

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि हजारों महिलाएँ इस राशि से नए व्यवसाय शुरू कर रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि—

“आज दरभंगा जिले की 35,000 से अधिक जीविका दीदियों के खाते में राशि अंतरण किया गया।”

उन्होंने महिलाओं से रोजगार से जुड़कर विकसित समाज और विकसित बिहार के लक्ष्य को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने सभी अतिथियों, जीविका दीदियों व अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस महाभियान में सभी की सहभागिता प्रेरणादायक है।