गौड़ाबौराम अपहरण कांड के फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई

दस्तक7मिडिया,गौड़ा बौराम, दरभंगा।

बड़गांव थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहरण के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त के घर गुरुवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। थानाध्यक्ष विनीता कुमारी ने बताया कि बड़गांव थाना में दर्ज कांड संख्या 28/22 के प्राथमिकी अभियुक्त और अखतवार निवासी विश्वनाथ चौपाल के विरुद्ध न्यायालय से निर्गत कुर्की वारंट के आधार पर विधिवत कार्रवाई की गई।
पुलिस दल ने अभियुक्त के घर में रखे सारे सामान को जब्त कर लिया, जिसमें गृहस्थी के सामान के साथ-साथ घर के दरवाजे तक शामिल थे, जिन्हें उठा लिया गया। थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि अपहरण के इस मामले में आरोपी विश्वनाथ चौपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कई बार छापेमारी कर रही थी। हालांकि,आरोपी लगातार फरार चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने कानूनन आवश्यक कदम उठाते हुए कुर्की-जब्ती की यह बड़ी कार्रवाई की, ताकि आरोपी पर दबाव बनाया जा सके।