दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर की महत्वपूर्ण बैठक

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आयुक्त, दरभंगा प्रमण्डल श्री कौशल किशोर की अध्यक्षता में प्रमण्डल स्तरीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण एवं आपूर्ति से संबंधित समीक्षा बैठक प्रमण्डलीय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने तीनों जिलों के सहकारिता पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अनुसार ही किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति के उपरांत किसानों के बैंक खातों में भुगतान यथाशीघ्र हस्तांतरित किया जाए।

बैठक में नीलाम पत्र से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऑनलाइन राशन कार्ड आवेदनों का त्वरित निपटारा करने का आदेश दिया।

तीनों जिलों में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों के रिक्त पदों पर शीघ्र विज्ञापन जारी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
आयुक्त महोदय ने कहा कि 25 बड़े बकायेदारों की प्रतिदिन सुनवाई कर बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अयोग्य एवं अपात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड रद्द किए जाएं,नौकरीपेशा व्यक्तियों के राशन कार्ड नियमपूर्वक निरस्त किए जाएं,तथा सही पात्रता निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में आयुक्त के सचिव  सत्येंद्र कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, तीनों जिलों के आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।