बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की प्रथम वर्षगांठ पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महिला एवं बाल विकास निगम, दरभंगा के तत्वाधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर आज +2 उच्च विद्यालय कंसी, दरभंगा सदर में शपथ ग्रहण समारोह एवं माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले में शिक्षा संस्थानों, पंचायतों, पुलिस थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। विभिन्न जगहों पर अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक सामूहिक रूप से बाल विवाह के खिलाफ शपथ ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शपथ का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह को एक सामाजिक बुराई और कानूनी अपराध के रूप में पहचान दिलाना, उसका विरोध करना तथा ऐसी किसी भी घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को देना है, जिससे हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर का अधिकार सुनिश्चित हो सके।

जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार ने कहा कि बाल विवाह, जेंडर आधारित हिंसा और लैंगिक भेदभाव के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि बाल विवाह संबंधित किसी भी सहायता या शिकायत के लिए महिला हेल्पलाइन 181 पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह से जुड़े किसी भी मामले की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को मिलने पर बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत तुरंत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समाज के हर वर्ग में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट का वितरण किया गया।
सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।