एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने किया घनश्यामपुर थाने का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के दिए सख्त निर्देश

दस्तक7मिडिया, गौड़ा बौराम, दरभंगा।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने गुरुवार को घनश्यामपुर थाने का सघन निरीक्षण किया। एसडीपीओ तिवारी ने थाने की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और लंबे समय से लंबित पड़े गंभीर आपराधिक मामलों की गहन समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने सबसे पहले थाना परिसर की स्वच्छता और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने थाना कार्यालय, महत्वपूर्ण साक्ष्य रखने वाले मालखाना और महिला हेल्पलाइन डेस्क की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा अपनाई जा रही रणनीतियों की समीक्षा की और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता की जांच की। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने विशेष रूप से हत्या, लूटपाट, और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े गंभीर और पुराने लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए कि वे इन मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें और उनके जल्द से जल्द निष्पादन की दिशा में तेजी से काम करें।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी आलोक कुमार,एस आई अशोक कुमार, एएसआई रजनीश कुमार, मिथिलेश सिंह, अश्विनी कुमार, प्रशांत कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।