बिहार में नई सरकार के बनने के साथ बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। किशनगंज पुलिस ने स्मैक के अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

शहर के खगड़ा मेला ग्राउंड इलाके में स्मैक के 12 से अधिक अवैध अड्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई बिहार के डिप्टी CM और गृह मंत्री सम्राट चौधरी के अपराध से कमाई गई अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने के ऐलान के बाद हुई है।

SP सागर कुमार के निर्देश पर सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई से पहले उन ठिकानों को चिह्नित किया गया था, जहां स्मैक बेची और पी जाती थी। इसके बाद एक-एक कर सभी अवैध ढांचों को जमींदोज कर दिया गया।

पुलिस ने बुलडोजर से स्मैक के अड्‌डो को गिराया।
किशनगंज SP बोले स्मैक माफिया के खिलाफ आगे भी एक्शन जारी रहेगा।

स्मैक के एक-एक अड्‌डे पर बुलडोजर चलाएंगे

सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि ‘लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ इलाकों में खुलेआम स्मैक बिक रही है। कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।

अब उनके ठिकानों को खत्म किया जा रहा है ताकि यह अवैध कारोबार जड़ से समाप्त हो। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर में स्मैक के सभी चिह्नित ठिकानों को बारी-बारी से नेस्तनाबूद किया जाएगा।’

गृहमंत्री की कुर्सी संभालते ही सम्राट बोले- बुलडोजर तैयार है

सम्राट चौधरी ने मंगलवार को शुभ मुहूर्त में गृहमंत्री की कुर्सी संभाली। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, आज हमने कई चीजों पर फोकस किया। नीतीश कुमार जी ने बिहार में जिस सुशासन की स्थापना की है उसे और आगे बढ़ाएंगे। जो अपराधी हैं चाहे किसी भी स्तर के हो, जमीन माफिया, शराब माफिया सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल, कॉलेजों के बाहर कोई रोमियो घूम ना सके, इसलिए विशेष फोर्स तैनात रहेगी। स्कूलों में छुट्‌टी होने पर भी फोर्स रहेगी। जेल को पूरी तरह निगरानी में रखा जाएगा। जेल में मोबाइल कैसे जाता है, अब देखा जाएगा। जेल में खाना कैसे जा रहा है ये भी देखेंगे।

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि, सोशल मीडिया पर किसी को भी गाली देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। माफिया की लिस्ट बन रही है। 400 लोगों की लिस्ट तैयार है। सरकार ने कोर्ट में इसके लिए आवेदन दिया है। 2 लोगों के लिए परमिशन मिल गई है। जैसे-जैसे बाकी की परमिशन मिलेगी, सबकी संपत्ति जब्त करेंगे।