बिरौल के गोसांई पोखर में डूबने से दिव्यांग युवक की दुखद मौत,शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया डीएमसीएच, जांच में जुटी पुलिस

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में पूर्वी सहनी टोला स्थित गोसांई पोखर (तालाब) में डूब जाने से एक दिव्यांग युवक की हृदय विदारक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई हैं।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही बिरौल थाना से पुलिस पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने गोसांई पोखर से शव को बाहर निकाला। दिवंगत युवक के परिजनों के समक्ष शव की शिनाख्त की गई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।
बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत अफजला खेबा निवासी रामदेव सहनी के 27 वर्षीय पुत्र सिकंदर सहनी के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने आगे कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से औपचारिक आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मृतक का मोबाईल बरामद किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
एक दिव्यांग युवक की इस तरह अचानक और दुखद मौत ने स्थानीय निवासियों को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।