नीलाम पत्र वादों की समीक्षा हेतु अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

एनआईसी, दरभंगा में अपर समाहर्ता-सह-वरीय प्रभारी जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सलीम अख्तर तथा जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी  प्रियंका कुमारी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे। बैठक के दौरान जिला अंतर्गत लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से जिले के 25 सर्वाधिक बड़े बकायेदारों तथा अधिक लंबित वाद वाले प्रखंड/अंचल स्तर के नीलाम पत्र पदाधिकारियों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।

अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि
• सभी लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
• प्रखंड एवं अंचल स्तर पर लंबित मामलों के तत्काल निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
• बकायेदारों से राजस्व वसूली प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, सख्त एवं परिणामकारी बनाया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि समीक्षा के दौरान यदि किसी पदाधिकारी की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है, तो प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

अपर समाहर्ता ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी लाना तथा राजस्व वसूली को सुदृढ़ करना है, ताकि शासन-प्रशासन के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जा सके।