दलितों पर हमले के खिलाफ सीपीआई (एम) का विरोध मार्च तेज

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

बहादुरपुर मिर्जापुर देकुली में सीपीआई (एम) की स्थानीय कमेटी ने दलितों के सरकारी चापाकल पर कब्जे और उन पर हुए हमले के विरोध में प्रतिवाद मार्च निकाला। इस मार्च में पार्टी के स्थानीय सचिव गणेश महतो,दलित शोषण मुक्ति मंच के जिला संयोजक नीरज कुमार,जनवादी महिला समिति की सुशीला देवी और प्रभु पासवान शामिल थे। मार्च पार्टी कार्यालय से शुरू होकर मिर्जापुर देकुली चौक होते हुए थाना मोड़ तक पहुंचा,जहाँ सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भू-माफिया ने दलितों के चापाकल को घेर लिया और उन पर हमला कर दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी भी की। इस मामले में दर्ज कांड संख्या 445 में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नेताओं ने कहा कि पार्टी नेता श्याम भारती पर लगाए गए रंगदारी के आरोप झूठे हैं और इन्हें हटाया जाना चाहिए। उन्होंने भू-माफिया की गतिविधियों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। दलित शोषण मुक्ति मंच ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 24 नवंबर को एसएसपी और डीएम कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। सभा में कई स्थानीय नेताओं ने भी दलितों पर अत्याचार रोकने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।