अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस पर किलकारी बिहार बाल भवन, दरभंगा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर किलकारी बिहार बाल भवन, दरभंगा के तत्वाधान में आज एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, किलकारी की निदेशक ज्योति परिहार एवं डीपीओ स्थापना अवधेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

संबोधन के दौरान जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 से दरभंगा प्रमंडल में किलकारी बिहार बाल भवन लगातार सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और बच्चों की रचनात्मक क्षमता को निखारने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि किलकारी बच्चों को तनाव-मुक्त, स्वस्थ और आनंदमय वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उनकी अभिरुचि के अनुरूप निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराता है। इससे बच्चे अपने बचपन से ही अपनी प्रतिभा को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाते हैं।

जिलाधिकारी ने किलकारी द्वारा बच्चों के सृजनात्मक विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए किलकारी दरभंगा की समस्त टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि किलकारी से प्रशिक्षण प्राप्त कई बच्चों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों से आने वाले बच्चों की क्षमता-विकास एवं प्रतिभा निखारने के लिए किलकारी सराहनीय कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं बाल-केन्द्रित कार्यक्रमों को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक, शिक्षक एवं किलकारी टीम के सदस्य उपस्थित थे।