बेटियाँ परिवार की नींव, उन्हें मिले पूरा अवसर”,विश्व बाल दिवस पर दरभंगा में विविध कार्यक्रम, बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर रहा फोकस

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

विश्व बाल दिवस के अवसर पर 17 से 20 नवंबर 2025 तक दरभंगा जिला प्रशासन द्वारा बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों पर केंद्रित विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इसी क्रम में आज उत्क्रमित मध्य विद्यालय डीहछपरार, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा आंगनवाड़ी केंद्र, रानीपुर में “बेटी है अनमोल” विषयक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

बालिकाओं को वितरित हुए विभिन्न किट

कार्यक्रम में कई विद्यालयों की छात्राओं के बीच टोपी, टी–शर्ट, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट, स्कूल बैग और स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया।
साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र पर पाँच नवजात बच्चियों को बेबी किट दिया गया, जिससे बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन का संदेश दिया जा सके।

बेटियाँ परिवार की बुनियाद” : जिला प्रशासन

जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक एवं District Hub for Empowerment of Women (DHEW), दरभंगा की ओर से संबोधित करते हुए कहा गया—
“बेटियाँ परिवार की नींव होती हैं। उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए हर अवसर उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।”

अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को सम्मान, आत्मविश्वास और समान अवसर देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि—
“जब बेटियाँ आगे बढ़ती हैं, तब समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है।”

रंगोली और जागरूकता गतिविधियों में उत्साह

कार्यक्रम में शिक्षक–शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राएँ शामिल हुईं। बालिकाओं ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” थीम पर आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।

बालिकाओं के लिए निरंतर योजनाएँ चल रही:FLS विरेंद्र कुमार

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार (FLS), DHEW दरभंगा ने बताया कि जिले में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ निरंतर संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बालिकाओं के लिए एक सुरक्षित, सक्षम और प्रोत्साहनपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।