13 दिसम्बर को आयोजित होगा राष्ट्रीय लोक अदालत

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण से संबंधित मामलों के निष्पादन को लेकर आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–सह–अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में उन्होंने कहा कि जिले की सैकड़ों बैंक शाखाओं में हजारों ऐसे ऋण मामले लंबित हैं जिनमें बैंकों और ऋणधारकों के बीच भुगतान को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसे मामलों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाना है, जहाँ दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि—
• अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए अधिकारी अपने स्तर पर जिम्मेदारी लें।
• कई बैंकों द्वारा चयनित ऋणधारकों की सूची और नोटिस प्रारूप अब तक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिसे शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
• ऋणधारकों को पर्याप्त समय मिलना चाहिए ताकि वे भुगतान से संबंधित तैयारी कर सकें। अतः लोक अदालत से काफी पहले नोटिस जारी कर दिया जाए।
• बैंकों में प्री-सीटिंग की व्यवस्था शुरू की जाए ताकि ऋणधारकों को प्रेरित किया जा सके।
• इसके लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित करने और प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी, एलडीएम, एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।