मंत्रिमंडल में शामिल होने पर परिवार ने मिठाई बाँटकर जताई खुशी,मदन सहनी के मंत्री बनने पर अनिल सहनी ने पीएम और सीएम को कहा धन्यवाद

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जिले के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र (85) से विधायक मदन सहनी को एक बार फिर मंत्री पद मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की जानकारी मिली,परिवार के लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं और मिठाई बाँटकर खुशी जाहिर की।मदन सहनी के भाई अनिल सहनी ने बताया कि बड़े भैया को फिर से मंत्री बनने पर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह बहादुरपुर ही नहीं,पूरे दरभंगा जिले के लिए गर्व की बात है। मदन सहनी दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के खराजपुर गाँव के निवासी हैं। उनके मंत्री पद की घोषणा होते ही पूरे गाँव में जश्न जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि मदन सहनी शुरू से ही ऊर्जावान,सरल स्वभाव के और अच्छे विचारों वाले नेता रहे हैं। गाँव के लोग बताते हैं कि किसी भी परेशानी में जब वे उनके पास जाते हैं,तो वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं।
गाँव के बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने कहा कि मंत्री बनने से उनके क्षेत्र के विकास की उम्मीद और मजबूत हो गई है। पूरे परिवार और गांव में खुशी का वातावरण बना हुआ है।