बेतिया जिले के नौतन प्रखंड की शिवराजपुर पंचायत में बुधवार को वन विभाग ने अवैध आरा मशीन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम की अचानक छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम के गांव में पहुंचते ही आरा मशीन पर काम कर रहे मजदूर और लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वनपाल सत्यम कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अवैध आरा मशीन के साथ भारी मात्रा में पटरा और कीमती लकड़ियां जब्त की गईं। यह कार्रवाई वरीय अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। जांच में सामने आया कि शिवराजपुर गांव में गोपाल जी सिंह और अजय सिंह की जमीन पर बिना किसी वैध अनुमति के यह आरा मशीन संचालित हो रही थी।
वनपाल ने बताया कि मौके से जब्त पटरा और लकड़ी की मात्रा काफी अधिक है। इससे आशंका है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटाई और लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान सभी मजदूर और संचालक गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए, जिनकी पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के नाम का सत्यापन किया जा रहा है। उनके खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि जंगलों की अवैध कटाई और गैर-कानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तस्करों में दहशत का माहौल है।
