सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फलदूधिया गांव के समीप बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कोर्पियो पलटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान एमएच नगर थाना क्षेत्र के रजनपुरा गांव निवासी 34 वर्षीय विकास कुमार सिंह, पिता किशन कुमार सिंह के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

विकास परिवार के लोगों को लेने के लिए गया था सीवान जंक्शन

मिली जानकारी के अनुसार रजनपुरा गांव में एक शादी समारोह था, जिसके लिए परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली से लिच्छवी एक्सप्रेस से सीवान जंक्शन पहुंचे थे।

परिजनों ने बताया कि विकास उन्हें लेने के लिए स्कोर्पियो से स्टेशन पहुंचा था। सभी को साथ लेकर जब वह रजनपुरा लौट रहे थे, तभी फलदूधिया गांव के समीप अचानक एक ऑटो सड़क पर आ गया। ऑटो को बचाने के प्रयास में स्कोर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे की खाली जमीन में गड्ढे में जा पलटा।

गाड़ी पलटते ही मच गई चीख-पुकार, फंसे लोगों को बाहर निकाला

हादसे के समय वाहन में दो महिलाओं सहित कुल छह लोग सवार थे। गाड़ी पलटते ही चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।

उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि स्कोर्पियो चला रहे विकास की दबकर मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा

सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मिहिर कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑटो को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, विकास बेहद मिलनसार स्वभाव के थे और शादी समारोह में शामिल होने आए परिजनों को लाने के लिए उत्साहित थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑटो चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।