विश्व बाल दिवस पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिमरी में चार दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न,
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विश्व बाल दिवस (17–20 नवम्बर 2025) के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिमरी में चार दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का सफल आयोजन जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम प्रबंध निदेशक, महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार, पटना के निदेशानुसार आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सशक्त बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना था। विद्यालय की छात्राओं ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

खेलकूद प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह

चार दिनों तक परिसर में बैडमिंटन, दौड़ एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने टीम स्पिरिट एवं खेल भावना का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बनाया।

समापन समारोह

समापन समारोह में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, श्रीमती गीता कुमारी, सभी महिला पर्यवेक्षिकाएँ तथा प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लड़कियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के अनुशासन, उत्साह और प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।