इग्नू दरभंगा ने रचा इतिहास,19 साल में पहली बार मिला ‘सर्वश्रेष्ठ रीजनल सेंटर’का सम्मान

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा ने 19 नवंबर को अपना 40वां स्थापना दिवस मनाया। यह समारोह इग्नू प्रोग्राम अध्ययन केंद्र 05135, डॉ. जाकिर हुसैन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज,लहेरियासराय में आयोजित किया गया। इस वर्ष दरभंगा क्षेत्रीय केंद्र के लिए बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसे देशभर के 57 रीजनल सेंटर्स में से ‘सर्वश्रेष्ठ रीजनल सेंटर’का खिताब मिला। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ ऑफ लर्निंग,कनाडा के अध्यक्ष प्रो. पीटर स्कॉट और इग्नू की कुलपति प्रो. उमा कांजीलाल द्वारा दिया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संतन कुमार राम ने बताया कि इग्नू दरभंगा केंद्र की स्थापना को 19 साल पूरे हो चुके हैं,और यह पहली बार है जब इसे राष्ट्रीय स्तर पर इतना बड़ा सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ दरभंगा बल्कि पूरी मिथिला और बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार इसलिए मिला क्योंकि दरभंगा रीजनल सेंटर ने— उच्च शिक्षा को अधिक लोगों तक पहुँचाने,सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने,विद्यार्थियों को बेहतर सेवा देने,और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। केंद्र ने दूरदराज और वंचित तबकों तक भी शिक्षा पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है। सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आकाश अवस्थी ने बताया कि दरभंगा में इग्नू के प्रति छात्रों का भरोसा तेजी से बढ़ रहा है। जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 68,949 हो गई। ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा बढ़ने से प्रवेश लेना भी आसान हुआ है। 2023 में केवल 43 छात्रों ने ऑनलाइन प्रवेश लिया था,जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 500 से अधिक हो गई। इसी तरह इस साल छात्रों ने चार लाख से अधिक असाइनमेंट ऑनलाइन जमा किए—जो डिजिटल प्लेटफॉर्म की सफलता दर्शाता है। डॉ. राम ने बताया कि छात्रों में नवाचार और उद्यमिता बढ़ाने के लिए कई वर्कशॉप,प्रशिक्षण कार्यक्रम और सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। छात्रों की सोच और स्टार्टअप विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए इनोवेशन क्लब भी बनाया गया है। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए इग्नू मुख्यालय,नई दिल्ली द्वारा समय–समय पर प्लेसमेंट ड्राइव भी आयोजित किए जाते हैं। इग्नू दरभंगा सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए हर साल सैकड़ों कैदियों को शिक्षा उपलब्ध कराता है,जिससे उनके पुनर्वास में मदद मिल रही है। दरभंगा क्षेत्रीय केंद्र में इस समय 322 कोर्स संचालित हो रहे हैं,जिनमें—प्रमाणपत्र,डिप्लोमा,डिग्री,स्नातकोत्तर और कौशल आधारित कार्यक्रम शामिल हैं। इग्नू दरभंगा से स्नातक करने वाली छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत ₹50,000 की सहायता भी मिलती है,जिससे लड़कियों में उच्च शिक्षा की रुचि बढ़ रही है।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय केंद्र के कर्मियों—डॉ. आकाश अवस्थी,राजीव रंजन,मोमित लाल,संजीव कुमार,अशोक कुमार यादव और शैलेंद्र नाथ तिवारी—ने खुशी व्यक्त की और मिष्ठान वितरण किया।