नवगछिया के बिहपुर में एक तेज रफ्तार थार ने चार बाइक्स को रौंद दिया, इसके बाद रेलवे स्टेशन के पश्चिमी जमालपुर रेलवे फाटक को भी तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने वाली थार का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक को तोड़ने के बाद थार सामने एक पीपल के पेड़ और रेल पटरी से बने साइडिंग से टकराने के बाद रुकी।

घटना के बाद थार में सवार तीन से चार लोग उतरकर भाग निकले। हालांकि, गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे महेंद्र मंडल नाम के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हादसे की सूचना के बाद बिहपुर थाना आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, रेल थानाध्यक्ष सुदामा पासवान व झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ में जुट गए।

भागलपुर में बेकाबू थार पहले रेलवे केबिन से टकराई। इसके बाद सामने खड़ी बाइक्स को रौंद दिया।

भागलपुर में बेकाबू थार पहले रेलवे केबिन से टकराई। इसके बाद सामने खड़ी बाइक्स को रौंद दिया
सामने आए वीडियो में सड़क पर गिरी दिखी बाइक्स

सामने आए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि रेलवे फाटक के पास बाइक गिरी हुई है।

हादसे में बाइक सवार एक दंपती भी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर के छोटू प्रिंस अपनी बाइक से पत्नी सपना कुमारी के साथ भागलपुर से आ रहे थे। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दंपती घायल हो गए।

घायल दंपती को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए बिहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट कराया गया। वहीं, बभनगामा के ऋषिराज चौधरी अपनी बाइक से मड़वा अपने मौसा के घर से जा रहे थे, उन्हें भी तेज रफ्तार थार ने टक्कर मारी।

पुलिस के मुताबिक, जिस तेज रफ्तार थार से घटना को अंजाम दिया गया है, वो बिहपुर-जमालपुर के विपिन मंडल की बतायी जा रही है।