भागलपुर जिले के पीरपैंती में मंगलवार दोपहर फोरलेन सड़क पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक निजी स्कूल बस दूसरे वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
हादसा होते ही वहां से गुजर रही पीरपैंती थाना की गश्ती टीम तुरंत सक्रिय हुई। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और उन्हें पुलिस वाहन से पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार, एक बच्चा रेफर
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार ने सभी बच्चों की प्राथमिक जांच कर उपचार किया। राहत की बात यह रही कि अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें आईं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। हालांकि, एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है, जिसे बेहतर उपचार के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पीरपैंती रेफरल अस्पताल के बाहर मौजूद लोग।
तेज रफ्तार वाहन के कारण बस अनियंत्रित होकर पलटी
स्थानीय लोगों और बस चालक के अनुसार, बस परसबनना गांव से बच्चों को छोड़कर जगदीशपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार वाहन आ गया। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक ने दुर्घटना का कारण सामने से आ रहे वाहन की लापरवाही को बताया है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सभी बच्चे स्थानीय हैं और कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
पुलिस जांच शुरू, फोरलेन सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों और स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जांच जारी
पीरपैंती थाना के एसआई अमोद ठाकुर और ब्रिज किशोर चौधरी ने बताया कि घटना के वक्त उसी होकर गुजर रहा था। सभी बच्चों को उठाया और पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है जल्द ही कार्रवाई होगी
