दरभंगा में वरीय व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई, 15 फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के कार्यालय कक्ष में आज जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें आम नागरिकों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष कुल 11 फरियादियों की समस्याएं दर्ज हुईं। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, विश्वविद्यालय थाना, अपराध शाखा, सिमरी थाना, लहेरियासराय थाना एवं केवटी थाना की शिकायतें शामिल रहीं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त मामलों की समीक्षा भी की और लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई को सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

ग्रामीण क्षेत्र में भी सुनवाई, 4 मामलों का निस्तारण

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा भी आज नियमित जनसुनवाई की गई।
सकतपुर थाना से 01, बहेड़ी थाना से 01 तथा बहेड़ा थाना से 02— कुल 4 आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया,
जबकि शेष मामलों में वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिए।