अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में महत्वपूर्ण अपराध गोष्ठी का आयोजन: एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने दिए कड़े निर्देश

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने इस गोष्ठी की अध्यक्षता की और इसमें अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।


एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने उपस्थित सभी थानाध्यक्षों को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक एवं कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध
गोष्ठी के दौरान, एसडीपीओ श्री तिवारी ने चुनाव कार्य से वापस लौटे अनुसंधानकर्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर लंबित पड़े सभी कांडों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर न्याय दिलाना और पेंडेंसी कम करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में खासकर रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और संगठित अपराधों पर नियंत्रण के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया, ताकि गुप्त सूचनाएं आसानी से मिल सकें और अपराधों को होने से पहले रोका जा सके।
एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी पुलिसकर्मियों को एकजुट होकर और पूरी निष्ठा के साथ काम करना होगा। मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष अंकित कुमार, तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंदन, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।