सुपौल के समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में रविवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और जिला जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। जिलाधिकारी सावन कुमार ने इसकी अध्यक्षता की। इस वर्ष की थीम ‘बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा करना’ पर केंद्रित रही।

सेमिनार का मुख्य उद्देश्य डिजिटल युग में तेजी से फैल रही भ्रामक सूचनाओं के मद्देनजर मीडिया की विश्वसनीयता, जिम्मेदारी और नैतिक पत्रकारिता के सिद्धांतों को मजबूत करना था। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, डीपीआरओ विकास कुमार कर्ण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जिले के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

‘फेक न्यूज़’ लोकतांत्रिक संरचनाओं के लिए गंभीर चुनौती

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पदाधिकारियों और पत्रकार प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सूचना का तीव्र प्रसार जहां जन जागरूकता का एक सशक्त माध्यम है, वहीं ‘फेक न्यूज़’ लोकतांत्रिक संरचनाओं के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में तथ्यपरक, संतुलित और नैतिक पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।

पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया

जिलाधिकारी सावन कुमार ने अपने संबोधन में पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि इसकी विश्वसनीयता तभी कायम रह सकती है, जब सूचना सत्यापन, निष्पक्षता और संवेदनशील रिपोर्टिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन ‘फेक न्यूज़’ की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए मीडिया के साथ मिलकर लगातार प्रयास कर रहा है।

जिले के कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया

सेमिनार में विशेषज्ञों द्वारा मीडिया एथिक्स, सूचना सत्यापन, डिजिटल सुरक्षा, ‘फेक न्यूज़’ की पहचान और जन सरोकार आधारित पत्रकारिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिले के कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

अंत में, डीपीआरओ विकास कुमार कर्ण ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।