पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बिरौल लूट कांड में तीन अपराधी गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त 2022 के PNB लूट में भी था शामिल,

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र के हाटी पिपरा मार्ग पर दो सप्ताह पहले हुई लूट की घटना में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस कांड में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी है।
ग्रामीण एसपी आलोक के निर्देश पर, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में पर्यवेक्षी पुलिस निरीक्षक अमृत लाल वर्मन, थानाध्यक्ष चन्द्रमणि, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, एसआई शशिभूषण रजक और जिला पुलिस मुख्यालय की टेक्निकल टीम शामिल थी।
एसडीपीओ श्री तिवारी स्वयं इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। घटना के दिन से ही, बिरौल थाना और टेक्निकल पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम को मोबाइल फोन लोकेशन, अपराधियों के बीच हुई बातचीत के रिकॉर्ड और घटनास्थल पर मौजूद मोबाइलों की लोकेशन जैसे कई महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य मिले।
इन साक्ष्यों के आधार पर दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें रहमत,यह अपराधी बेगूसराय जिले के छही थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2022 में पीएनबी बैंक की बिरौल शाखा में हुए 3.4 लाख रुपये की लूट कांड में भी शामिल था। दुसरा मतीम नाम का व्यक्ति है जो जिसका मोबाईल लोकेशन घटना स्थल पर था।
इनके अलावा, बिरौल थाना क्षेत्र के अफजला खेबा निवासी जाकिर रायन को भी गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि जाकिर रायन ने इस लूट की वारदात में लाइनर की भूमिका निभाई थी।
एसडीपीओ श्री तिवारी ने पुष्टि की है कि शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। साथ ही, लूट में इस्तेमाल की गई बाइक और लूटे गए रुपयों की बरामदगी के लिए भी पुलिस छापामारी कर रही है।
गौरतलब है कि पीड़ित प्रेम चन्द्र चौधरी के आवेदन पर 3 लाख 22 हजार रुपए लूट की घटना को लेकर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की है।