दो अन्य गंभीर घायल, बारात से लौटते समय पेड़ से टकराई बाइक।
बेहतर इलाज के लिए घायल कटिहार रेफर।
पूर्णिया-सोनाली पीडब्ल्यूडी सड़क पर कदवा थाना क्षेत्र के शिवगंज पुल के पास एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।
इस हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों युवक बाइक पर सवार थे, जो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।
बारात से लौटते समय हादसा
मृतक की पहचान हसनगंज थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद मुकीम के रूप में हुई है। घायलों में 17 वर्षीय मोहम्मद मसरीकुल और 18 वर्षीय नूर आलम शामिल हैं।
ये तीनों युवक कदवा थाना क्षेत्र की कुम्हड़ी पंचायत के रहमत नगर में एक बारात में शामिल होने गए थे। बारात से लौटते समय वे अपाची बाइक पर सवार होकर सोनाली की ओर जा रहे थे।
शिवगंज के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल युवक कटिहार रेफर
चिकित्सकों ने बाइक चालक मोहम्मद मुकीम को मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद मसरीकुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर किया गया है। तीसरे घायल युवक नूर आलम का पैर टूट गया है, उन्हें भी इलाज के लिए कटिहार भेजा गया है।
थाना प्रभारी विजय प्रकाश ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अस्पताल भेजा गया है।
घटना में एक युवक की मौत हुई है और दो घायल हैं, जिनमें से एक को बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर किया गया है। तीनों युवक हसनगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
इस बीच, मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
