जेके कॉलेज के पास निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत,परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिरौल कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग पर स्थित जेके कॉलेज के सामने निजी अस्पताल (सीटी ऑर्थो हॉस्पिटल) में इलाज के लिए भर्ती एक महिला मरीज की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
मृतक महिला की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है, जो घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव की निवासी थीं। आशा देवी को हाथ टूट जाने के कारण उनके परिजनों ने इलाज के लिए इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण आशा देवी की मौत हो गई। स्थिति बिगड़ने और मौत होने के बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित मृतिका के परिजनों से घटना और उनके आरोपों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
एसडीपीओ श्री तिवारी ने मीडिया को बताया कि परिजनों का मुख्य आरोप यही है कि इलाज में लापरवाही के चलते आशा देवी की जान गई है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि आवेदन प्राप्त होते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता और लापरवाही के आरोपों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में परिजनों के आवेदन और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
