कटिहार नगर थाना क्षेत्र के अरगरा चौक मोफरगंज में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने घर में आग लगा दी। इस घटना में उसका पति बुरी तरह झुलस गया। पड़ोसियों की सूझबूझ से पति को बचाया जा सका, जबकि पत्नी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि पत्नी कल्याणी देवी ने कथित तौर पर पूरे घर में आग लगा दी और अंदर मौजूद अपने पति को जिंदा जलाने का प्रयास किया। घर से आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे पति को बाहर निकाला।

पीड़ित की पहचान उर्दू मध्य विद्यालय शरीफगंज के सरकारी शिक्षक पंकज पोद्दार के रूप में हुई है। वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में।
खुद को बचाने के लिए पत्नी ने डाला पानी

आग फैलने के बाद पत्नी कल्याणी देवी ने खुद को बचाने के लिए अपने ऊपर पानी डाल लिया। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग को बुलाना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

पुलिस की मौजूदगी में इलाज जारी।
कई दिनों से चल रहा था झगड़ा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पंकज पोद्दार और कल्याणी देवी के बीच कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। चार दिन पहले कल्याणी ने सड़क पर ही अपने पति की पिटाई भी की थी, जिसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। हालांकि, किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि विवाद इतना बड़ा रूप ले लेगा।

फिलहाल, कल्याणी देवी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पंकज पोद्दार अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।