भागलपुर स्मार्ट सिटी में शामिल है, लेकिन शहर स्मार्ट नहीं हो सका है। शहरी क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या जाम और पार्किंग की है। पानी और नाला उड़ाही भी नियमित नहीं होने से लोग परेशान हैं। हथिया नाला की सफाई नहीं होने से कई मोहल्लों में लोगों को रहने में परेशानी हो रही है। जाम के चलते शहर में वाहनों से चलना मुश्किल हो गया है। कई बार तो जाम के चलते लोगों की ट्रेन छूट जाती है। शहर के लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हुए, लेकिन मुलभूत सुविधाएं भी लोगों को नहीं मिल रही हैं।

 

शहरी क्षेत्र में बुडको द्वारा बहुत पहले अधिकांश जगहों पर पाइप बिछा दिया गया है।

 

अभी तक सभी घरों में जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। कई मोहल्लों की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सबसे अधिक परेशानी लोगों को जाम और पार्किंग को लेकर हो रही है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार के आसपास पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। बाजार से अतिक्रमण हटाने पर भी समस्या का कुछ समाधान हो सकता है। हथिया नाला से अतिक्रमण हटाकर सफाई और ढक्कन लगाने की जरूरत है। कई जगहों पर नाला से नीचे सड़क होने से बारिश होने पर नाला का गंदा पानी सड़क पर बहता है। वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

 

 

इससे निबटने के लिए प्रशासन द्वारा कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा है। गांधी शांति प्रतिष्ठान के प्रकाश चन्द्र गुप्ता ने बताया कि भागलपुर शहर का योजनावद्ध तरीके से विकास नहीं हो रहा है। यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बाजार में अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। दिखावे के लिए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। कुछ बड़े दुकानदार सड़कों के किनारे छोटे दुकानदारों से दुकान लगवाते हैं। उससे अवैध तरीके से किराया भी वसूला जाता है। इस पर रोक लगनी चाहिए। बाजार में वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।

 

 

शहरी क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। लोहिया पुल के नीचे बाइक की पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। मारवाड़ी पाठशाला और टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के पास भी पार्किंग की व्यवस्था हो सकती है। स्मार्ट सिटी के नाम पर बड़ी राशि खर्च की गयी। इसका लाभ शहरवासियों को नहीं मिल रहा है। स्मार्ट सिटी से बड़ी राशि सैंडिस कंपाउण्ड के विकास पर खर्च की गयी। उसी सैंडिस कंपाउण्ड में शहरवासियों से शुल्क वसूला जा रहा है। शुल्क लगाना यहां की जनता के साथ अन्याय है।

 

चिल्ड्रेन पार्क जाने में लोगों को शुल्क देना पड़ता है। सबौर से चंपानगर तक मेरिन ड्राइव का काम एक साथ करना चाहिए। श्री श्री 108 दुर्गापूजा महासमिति के संरक्षक कमल जायसवाल ने बताया कि प्रत्येक साल गंगा में पानी बढ़ता है। आदमपुर स्थित सीएमएस स्कूल के परिसर में पानी घुस जाता है। लेकिन नाला जाम होने के चलते स्कूल परिसर से पानी निकासी में बहुत समय लगता है। अधिक दिनों तक गंदा पानी जमा रहने के चलते आसपास के लोगों में डेंगू फैलने का डर बना रहता है।

 

स्कूल परिसर में पानी प्रवेश पर रोक लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। शहरी क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों पर बच्चे स्कूली बसों में चढ़ते हैं। उस समय बच्चों के साथ उनके परिजन भी रहते हैं। कहीं शेड की व्यवस्था नहीं होने के चलते बारिश और धूप में लोगों को परेशानी होती है। ऐसी जगहों पर शेड की व्यवस्था होनी चाहिए। आबादी के अनुसार शहरी क्षेत्र में वाहनों की संख्या बढ़ रही है।

 

कहीं भी सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। बाजार जाने और मार्केटिंग करने में लोगों को परेशानी होती है। बाजार और आसपास के इलाके में पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। श्मशान घाट पर प्याऊ है। रखरखाव के अभाव में वह काम नहीं कर रहा है। बड़ी संख्या में लोग वहां जाते हैं। नगर निगम को प्याऊ के रखरखाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए। प्रवीण दत्त रूंगटा ने बताया कि शहरी क्षेत्र के हथिया नाला की सफाई नहीं होती है। हनुमान नगर में हथिया नाला की स्थिति और खराब है। नगर निगम द्वारा उड़ाही नहीं करायी जाती है।

 

 

 

हथिया नाला का लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। वह 1982 से हनुमान नगर में रह रहे हैं। डीएम, नगर आयुक्त, मेयर सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर नाला उड़ाही कराने का आग्रह किया गया। बुडको द्वारा अधिकांश जगहों पर पाइप बिछाया गया है। जलापूर्ति शुरू नहीं होने से लोगों को पेयजल का संकट हो रहा है। बिजली तार को कवर नहीं किया जा रहा है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान 24 से 36 घंटे तक बिजली काट दी जाती है।

 

 

इससे लोगों को पानी आदि की बहुत परेशानी होती है। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान कम समय तक बिजली आपूर्ति बाधित हो। अंगिका इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष ई. अमन कुमार सिन्हा ने बताया कि हवाईअड्डा के लिए लंबा सघर्ष किया गया। चुनाव की घोषणा होने के पहले जिले में कहीं भी हवाईअड्डा का शिलान्यास होना चाहिए। शहरी क्षेत्र में पुरानी सड़क को खोदकर नई सड़क का निर्माण करना चाहिए।

 

लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। नाला का निर्माण भी मानक के अनुसार नहीं हो रहा है। कई जगहों पर सड़क से नाला ऊंचा बन गया है। बारिश होने पर नाला का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। बाजार में वेरायटी चौक और लोहापट्टी में बारिश होने पर अक्सर जलजमाव की समस्या होती है। बारिश होने पर नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। उसी गंदी जगह पर बैठकर लोग सब्जी बेचते हैं। ग्राहकों को भी इससे बहुत परेशानी होती है। जाम से राहत दिलाने के लिए शहरी क्षेत्र में फ्लाई ओवर का निर्माण कराना चाहिए।

 

भोलानाथ रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से लोगों को राहत होगी। सरकारी अस्पतालों में ऐंबुलेंस की बेहतर व्यवस्था नहीं है। लोहिया पुल के नीचे हमेशा गंदगी फैला रहता है। नाथनगर सिल्क सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स भागलपुर के उपाध्यक्ष बालकृष्ण मोयल ने बताया कि हड़ियापट्टी, सुतापट्टी, मछलीपट्टी, लोहापट्टी, कलाली गली में 40 वर्षों से लगातार अतिक्रमण और अवैध निर्माण हो रहा है। जिस कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वृद्ध और महिलाओं को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

 

खलीफाबाग चौक से स्टेशन चौक के आसपास से अतिक्रमण हटाया जाए और संबंधित थानेदार की जिम्मेदारी तय हो। दिनेश कुमार मंडल ने बताया कि आदमपुर चौक से आकाशवाणी चौक तक नाला जाम है। बारिश होने पर नाला का पानी सड़क पर और घरों में घुस जाता है। नाला में दुकानदार खाद्य सामग्री आदि फेंक देते हैं। इस रास्ते से अतिक्रमण हटाना चाहिए। पानी जमा होने के चलते मंदिर में जाने में लोगों को परेशानी होती है।

 

 

मनीष कुमार ने बताया कि हनुमान नगर में हथिया नाला पहले 15 फीट चौड़ा रहता था। अब कहीं-कहीं इसकी चौड़ाई चार से पांच फीट रह गयी है। वह 50 साल से मोहल्ले में रह रहे हैं। अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। रेलिंग टूट गयी है। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई। रेलिंग टूटने से बच्चे और बाइक सवार हथियानाला में गिरकर घायल हो जाते हैं। स्कूलों की छुट्टी होने के समय बच्चों की काफी भीड़ होती है। रेलिंग बनवाना चाहिए।

 

पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि डीएम, नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर हथिया नाला की उड़ाही के लिए आग्रह किया गया है। हनुमाननगर घनी आबादी वाला मोहल्ला है। उड़ाही नहीं होने से परेशानी हो रही है। बोले जिम्मेदार शहरी क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जगह का चयन किया जा रहा है। अभी तक लोहिया पुल के नीचे और शहीद भगत सिंह के पास जगह का निरीक्षण किया गया है। लोहिया पुल के नीचे की जमीन को समतल किया जाएगा। दोनों जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए बोर्ड बनवाया जा रहा है।

 

हथिया नाला की सफाई और ढक्कन आदि पर बड़ी राशि खर्च होगी। इसके लिए केन्द्र सरकार से स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत राशि की मांग की गयी है। इसके पहले बिहार सरकार नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री को भी पत्र भेजा गया था। राशि मिलने पर काम शुरू कर दिया जाएगा। बुडको द्वारा जलापूर्ति जल्द शुरू करायी जाएगी। -डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर इनकी भी सुनिए भागलपुर शहर के लोगों को टहलने के लिए सैंडिस कंपाउंड है। यहां भी लोगों की सांसों पर पहरा लगा दिया गया है।

 

 

प्रवेश शुल्क का निर्णय वापस लिया जाय। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र समेत भीड़भाड़ वाले इलाके में सामुदायिक शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था की जाय। -प्रकाश चन्द्र गुप्ता सीएमएस स्कूल मैदान में बाढ़ का पानी हथिया नाला से प्रवेश कर जाता है। इसके निकासी की व्यवस्था नहीं होने से डेंगू जैसी गंभीर बीमारी फैलती है। स्कूली बच्चों को पिक एंड ड्रॉप के लिए चौक-चौराहे पर शेड की व्यवस्था हो। -कमल जायसवाल भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। गोराडीह या सुल्तानगंज में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट निर्माण के लिए शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू हो। शहर में भोलानाथ फ्लाईओवर पुल का निर्माण कार्य तेज हो।

 

जाम को देखते हुए और फ्लाईओवर की योजना बने। -ई. अमन सिन्हा आकाशवाणी चौराहे पर नाला जाम और जलजमाव की समस्या होती है। सतीश सरकार लेन में रोड निर्माण कराया जाय। हथिया नाला जाम होने से पानी निकासी में दिक्कत होती है, इसकी सफाई कराई जाय। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से नाला और कचरे से परेशानी होती है। -दिनेश मंडल भागलपुर शहर में जलापूर्ति के लिए वुडको द्वारा पाइपलाइन बिछाई गई। कई वर्ष बाद भी अधिकतर इलाकों में पाइप से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।

 

बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन शहर के अधिकतर छोटे बड़े नाले से शराब की बोतल निकलती है। प्रशासन इसपर ध्यान दे। -प्रवीण दत्त रूंगटा शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा नीति बनाकर छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन के लिए स्थाई व्यवस्था हो। शहर में टेंपू-टोटो पार्किंग के लिए ऑटो स्टैंड की व्यवस्था हो। बस स्टैंड शहर से बाहर व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों की आवश्यक सुविधा सुनिश्चित हो। -पवन कुमार आदमपुर चौक के समीप अधूरा सड़क नाला निर्माण से परेशानी होती है। पूरे लेन में सड़क नाला निर्माण हो।

 

नाला की नियमित सफाई सुनिश्चित हो। नाला निर्माण के दौरान ढक्कन लगाने की बेहतर व्यवस्था हो। -विवेक यादव हनुमान नगर से गुजरने वाला हथिया नाला की कभी सफाई नहीं हुई। नाला उड़ाही नहीं होने से नाला और बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क और कई घरों में प्रवेश कर जाता है। हथिया नाला से अतिक्रमण हटाया जाय। -संजीव कुमार सिंह हड़ियापट्टी, सुतापट्टी, मछलीपट्टी, लोहापट्टी, कलाली गली में पिछले 40 वर्षों से अतिक्रमण और अवैध निर्माण जारी है। इससे बाजार में ग्राहकों को खरीदारी में दिक्कत होती है।

 

 

खलीफाबाग चौक से स्टेशन चौक एवं मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया जाय। -बालकृष्ण मोयल भागलपुर शहर में यातायात की व्यवस्था बदहाल है। इसके कारण जाम की समस्या होती रहती है। प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाय, ताकि यातायात सुगम हो। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से सड़क पर कचरा फैल जाता है। -मो. शाहबाज शहर के व्यस्त बाजार शाह मार्केट में अतिक्रमण के कारण आगजनी या इमरजेंसी पड़ने पर दमकल प्रवेश करना मुश्किल है। ग्राहकों के साथ दुकानदारों को दिक्कत होती है। बिजली पोल में तार बदलकर मोटा कवर वायर लगाया जाय।

 

 

-राकेश कुमार राम भागलपुर में जाम की समस्या समाधान के लिए जिला प्रशासन और सरकार द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए शहर में कई जगहों पर चिह्नित कर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनानी चाहिए। सड़क और नाला का निर्माण गुणवत्तापूर्ण कराया जाना चाहिए। -योगेन्द्र चौधरी सैंडिस कंपाउण्ड में प्रवेश शुल्क लगाना ठीक नहीं है। जरूरी सुविधा नहीं मिलती है, शहरवासियों एवं युवाओं के साथ बच्चों की शारीरिक गतिविधियों और खेलकूद पर लगाम लगाया जा रहा है।

 

 

प्रशासन सैंडिस में प्रवेश शुल्क हटाने का आदेश दिया जाय। -पुरुषोत्तम सिंह भागलपुर के बरारी श्मशान घाट को व्यवस्थित तरीके निर्माण कराया जाय। लोगों के बैठने और विश्राम करने के लिए शेड और जरूरी सुविधा के साथ विद्युत शवदाह गृह के साथ गैस शवदाहगृह की व्यवस्था हो। -सुमन कुमार पार्किंग की समस्या के कारण बाजारों में गाड़ियों को सड़क किनारे लगा दिया जाता है। इसके कारण त्योहार के मौसम में छोटे वाहनों के साथ खरीदारों को बाजार में काफी परेशानी होती है।

 

प्रशासन स्थान चयनित कर पार्किंग की व्यवस्था करे। -संतोष चौधरी वेरायटी चौक समेत बाजार और कई सड़कों पर अतिक्रमण कर लेने वाले पर कार्रवाई नहीं की जाती है। बिना हेलमेट बाइक चालक को फाइन करने के अलावा ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। टैक्स वसूली की जाती है लेकिन सुविधा कुछ नहीं है। -मनीष कुमार समस्या 1. भागलपुर के बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इससे बाजार में जाम लगता है और लोगों को परेशानी होती है।

 

दुकानदारों द्वारा सड़क अतिक्रमण और बाइक पार्किंग से सड़क और बाजार की गलिया संकरी हो गई है। 2. भागलपुर शहर के अधिकतर हथिया नाला का पक्कीकरण नहीं हो सका है। हथिया नाला सफाई नहीं होने से बारिश और नाला का पानी सड़क और इलाके के कई घरों में प्रवेश कर जाता है। कई जगह पर हथिया नाला पर ढक्कन और रेलिंग नहीं है। 3. स्मार्ट सिटी में स्कूली बच्चों को पीक एंड ड्रॉप करने के लिए चौक-चौराहों के आसपास शेड या स्थायी जगह की व्यवस्था नहीं है। इससे बच्चों के अभिभावकों को धूप या बारिश के समय में खुले में खड़ा होना पड़ता है।

 

 

4. सरकार की घोषणा और स्वीकृति के बाद भी भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का निर्माण की जगह पर अंतिम फैसला नहीं होने से शिलान्यास और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। सैंडिस कंपाउण्ड में समय सीमा और प्रवेश शुल्क लगाने से शहरवासियों परेशान हैं। 5. भागलपुर शहर में ऑटो-टोटो स्टैण्ड की सुविधा नहीं होने से गाड़ी कहीं खड़ी कर देने से परेशानी होती है। नाला और कूड़ा उठाव के साथ साफ सफाई की व्यवस्था बेहतर नहीं है। शहर में बच्चों को खेलने और वॉकिंग के लिए मैदान और पार्क की व्यवस्था हो।

 

सुझाव 1. खलीफाबाग, वेरायटी चौक, लोहापट्टी, स्टेशन चौक और मुख्य बाजार समेत सभी चौक चौराहों से प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटवाया जाय। ताकि बाजार आने वाले खरीदारों और आम लोगों को जाम से परेशानी नहीं हो। 2. भागलपुर शहर के सभी जर्जर पड़े हथिया नाला की सफाई कराकर पक्कीकरण कराने के साथ उसपर ढक्कन और रेलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। जर्जर सड़क के ऊपर सड़क निर्माण करने की बजाय तोड़कर जर्जर सड़क नाला का गुणवत्तापूर्ण निर्माण हो। 3. भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट निर्माण के लिए सुल्तानगंज या गोराडीह में सरकार द्वारा शिलान्यास कर हवाईअड्डा निर्माण कार्य शुरू कराया जाय।

 

ताकि हवाईअड्डा बनने से भागलपुर और आसपास के लोगों को हवाई सेवा का लाभ मिले। 4. भागलपुर बाजार समेत व्यस्त इलाकों में प्रशासन द्वारा मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाय। ताकि त्योहार या आम दिनों में बाजार जाने वाले लोगों को असुविधा नहीं हो। बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों के पास शौचालय एवं यूरिनल बनाया जाय। 5. बड़े शहरों की तर्ज पर भागलपुर के बरारी श्मशान घाट पर विद्युत, गैस और लकड़ी से अंतिम संस्कार के साथ जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए। शव यात्रा में शामिल लोगों की सुविधा के लिए पानी, बिजली और विश्रामालय बनाया जाए।