कैमूर के भभुआ थाना क्षेत्र के कूड़ासन गांव में 35 वर्षीय आजाद अंसारी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान कूड़ासन निवासी स्वर्गीय सदिक अंसारी के बेटे आजाद अंसारी के रूप में हुई है। मृतक की मां शहीदन बीवी के अनुसार आजाद की शादी लॉकडाउन के दौरान सोनहन थाना क्षेत्र के ओदार गांव में हुई थी।
मां बोली- शादी के बाद से ही पति-पत्नी अलग रहते थे
शादी के बाद से ही पति-पत्नी अलग रहते थे, और उसकी पत्नी अक्सर मायके में रहती थी। इसी कारण आजाद तनाव में रहता था।
शहीदन बीवी ने बताया कि पिछले सोमवार को आजाद अपनी पत्नी को मायके से लाने की बात कहकर घर से निकला था। कई दिनों तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
बड़ी बहन ने देखा भाई का शव फंदे से लटका
चार दिन बाद उसकी बड़ी बहन जो कुड़ी गांव में ब्याही है, मायके आई। उसने आजाद के घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर जाने पर उसका शव बांस के गोल से फंदे में लटका पाया।
बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
शव को सदर अस्पताल भभुआ ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
