भड़काऊ बयान से चुनावी माहौल गरमाया, RJD नेता पर FIR दर्ज , मतगणना के बीच पूरे बिहार में हाई अलर्ट

दस्तक 7मीडिया /पटना

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाजी ने माहौल को और भी तनावपूर्ण बना दिया है। चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए “अगर गड़बड़ी हुई तो बिहार की स्थिति नेपाल और बांग्लादेश जैसी हो सकती है”यह विवादित बयान सोशल मीडिया पर देने के बाद राजद के नेता सुनील सिंह पर पटना जिला के साइबर थाने में भड़काऊ भाषण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने इस बयान को कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाला और सामाजिक तनाव बढ़ाने वाला माना है।

मामला तूल पकड़ने के बाद देर रात प्रेस वार्ता कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सामने आए। उन्होंने कहा कि “यदि किसी पदाधिकारी द्वारा चुनाव में कोई गड़बड़ी की जाती है तो जनता उनसे हिसाब मांगेगी।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

इधर, इन बयानों से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए राज्य के सभी जिलों की पुलिस हाई अलर्ट मोड में है। जिला प्रशासन से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक सभी को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी बीच मतगणना आज सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो चुकी है, और शुरुआती रुझान भी आने लगे हैं, जिसके बाद राजनीतिक दलों में हलचल और तेज हो गई है। मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया गया है ताकि किसी तरह की अफवाह, विवाद, भीड़ या कानून-व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो।