दरभंगा पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण का मॉक ड्रिल, शांतिपूर्ण मतगणना को लेकर दिखी तत्परता,ड्रोन कैमरे से भी होगी निगरानी।

दस्तक 7 मीडिया, दरभंगा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत 14 नवंबर को होने वाली मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से दरभंगा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश के आलोक में दंगा नियंत्रण की तैयारी के तहत आज पुलिस लाइन परिसर में एक विशेष मॉक ड्रिल (Mock Drill) का आयोजन किया गया।

इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने किया, जिसमें एंटी राइट गन, टियर गैस, वाटर कैनन, दंगा रोधी शील्ड, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्शन गियर सहित अन्य उपकरणों के प्रयोग का प्रदर्शन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मतगणना के दौरान किसी भी अप्रिय परिस्थिति में पुलिस बल त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए तैयार रहे।

ड्रिल के दौरान जवानों ने भीड़ नियंत्रण, हिंसक स्थिति में प्रतिक्रिया, और भीड़ को तितर-बितर करने के व्यावहारिक तरीके का अभ्यास किया। अधिकारियों ने जवानों को अनुशासन, संयम और प्रोफेशनल दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने कहा कि 

“दरभंगा पुलिस का लक्ष्य है कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह शांति, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न हो। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह प्रशिक्षित और सुसज्जित है।”

मतगणना के मद्देनजर जिले में अतिरिक्त बलों की भी तैनाती की जा रही है। संवेदनशील व अति-संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।