मतगणना केंद्र का निरीक्षण: डीएम और एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा, सभी व्यवस्थाएं पूरी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत 14 नवम्बर को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कौशल  कुमार तथा वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कृषि उत्पाद बाजार समिति, शिवधारा स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतगणना परिसर की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, बिजली, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा प्रवेश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतगणना दिवस पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त रहें और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मतगणना केंद्र परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से मतगणना से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाएगी। पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित किया गया है ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर उप निदेशक जनसम्पर्क  सत्येंद्र प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी  सुरेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।