सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से दो बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित बाइक मालिकों ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सब्जी मार्केट से मोटर साइकिल चोरी
पहली घटना हसनपुर बरहरवा गांव निवासी मोहम्मद मंजूर के साथ हुई। उन्होंने बुधवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि बीते शनिवार को वे अपनी बाइक से सब्जी खरीदने बाजार गए थे।
सब्जी खरीदने के बाद जब वे वापस लौटे, तो उनकी बाइक वहां नहीं मिली। उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
चुनावी सभा के निकट से बाइक गायब
दूसरी घटना पुपरी थाना क्षेत्र के गंगटी गांव निवासी मोहम्मद अफरीदी खान के साथ हुई। उन्होंने बताया कि बीते शनिवार को वे अपनी मोटर साइकिल से बाचोपट्टी नरहा हाई स्कूल में एक चुनावी सभा में शामिल होने गए थे।
दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी बाइक हाई स्कूल के पास खड़ी की थी। जब वे शाम करीब 4 बजे सभा से लौटे, तो उनकी बाइक गायब थी। उन्होंने भी काफी तलाश की, लेकिन बाइक नहीं मिली।
दोनों ही मामलों में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी अमृत कुमार पाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की छानबीन कर रही है।
