विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना से पूर्व प्रशासन सुरक्षा व पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह सतर्क है। 14 नवंबर को मतगणना होगी। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित डीएवी महाविद्यालय और डीएवी इंटर कॉलेज के परिसर में मतगणना प्रातः आठ बजे से प्रारम्भ होगी।

 

जिला के सभी आठ विधानसभा के मतों की गणना आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत कराई जायेगी। ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम से निकाला जाएगा। साथ ही स्ट्रांग रूम से जब ईवीएम का निकाला जाएगा। तब इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी करायी जाएगी। मतदान केन्द्र संख्या के सीरियल के अनुसार क्रमवार ईवीएम लायी जाएगी और चरणवार गिनती होगी। मतगणना को देखते हुए सुरक्षा को लेकर भी तैयारी की जा रही है। शहर के डीएवी मोड़ से लेकर इमानुवल मोड़ तक बेरिकेटिंग लगाया जाएगा। जगह-जगह ड्रॉप गेट भी बनाए जाएंगे।

शांति वट वृक्ष से लेकर डीएवी मोड़ और डीएवी मोड़ से इमानुवल मोड़ तक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से बंद रहेगी। एक निर्धारित सीमा के आगे कार्यकर्ता व समर्थकों को जाने की इजाजत नहीं रहेगी। जिला प्रशासन से निर्गत प्राधिकार पत्र के साथ मतगणना केंद्र के अंदर जाने दिया जाएगा। मतगणना की रिपोर्ट चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड होगी और मतगणना स्थल पर बड़े-बड़े एलइडी स्क्रिन पर आंकड़े भी दिखाये जायेंगे और लाडस्पीकर से गणना की राउंड वार रिपोर्ट बतायी जायेगी।

 

वहीं, चुनाव कर्मियों के अहले सुबह पहुंचने के बाद उन्हें मतगणना खत्म होने के बाद ही बाहर निकलना होगा। एक-एक लोगों को थ्री लेयर जांच से गुजरना होगा। डीएम डाक्टर आदित्य प्रकाश ने कहा कि मतगणना स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी आर ओ सम्पूर्ण प्रक्रिया में आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगेबताया गया कि प्रत्येक विधानसभा के लिए एक मतगणना कक्ष बनाया जा रहा है।