बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत किशनगंज में द्वितीय चरण का मतदान 11 नवंबर को देर शाम तक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान समाप्ति के बाद जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1366 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य पूरा हुआ।
किशनगंज के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शाम 05:00 बजे तक मिली प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 77% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई
उन्होंने यह भी बताया कि पूरे जिले में कहीं भी कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। जहां-जहां आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना मिली, वहां तत्काल कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की सतर्कता और सभी कर्मियों के समन्वित प्रयासों से मतदान कार्य पूरी तरह से अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की गई।
एक सवाल के जवाब में जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान कर जिले को राज्य में अग्रणी बनाया है।
जिला प्रशासन और पुलिस के बेहतर समन्वय से शांतिपूर्ण चुनाव
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने ब्रीफिंग में जानकारी दी कि किशनगंज जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कार्य शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। किसी भी मतदान केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। यह जिला प्रशासन और जिला पुलिस के बेहतर समन्वय का परिणाम है।
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल
उन्होंने बताया कि बाजार समिति परिसर में ईवीएम रिसीविंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वहां तीन स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। भीतरी घेरे में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) तैनात है, जबकि मध्य और बाहरी घेरे में जिला बल तथा अन्य बलों की तैनाती की गई है।
