चैनपुर से राजद उम्मीदवार बृज किशोर बिंद ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने देर रात उन्हें जबरन हिरासत में लेकर टॉर्चर किया. वही, कैमूर एसपी ने डिटेन करने की बात से इनकार किया है.
कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी और पूर्व मंत्री बृज किशोर बिंद ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि मंगलवार (11 नवंबर) की रात उन्हें चैनपुर, भभुआ और भगवानपुर थाने की पुलिस ने करीब 45 जवानों के साथ घेरकर जबरन गिरफ्तार कर लिया. बृज किशोर बिंद ने कहा कि उन्होंने न तो किसी तरह के आचार संहिता का उल्लंघन किया और न ही किसी सरकारी संसाधन का दुरुपयोग किया था, फिर भी उन्हें रात भर थाने में बैठाकर परेशान किया गया.
बिहार चुनाव के ताजा अपडेट जानने के लिए यहां क्लिक करें
बृज किशोर बिंद ने कहा कि उनके पीछे दो-दो फोर्स की गाड़ियां लगी थीं, जबकि उनके विरोधी उम्मीदवार धीरज सिंह और जमा खान की भी गाड़ियां प्रशासन के साथ चल रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई और रातभर उन्हें मानसिक रूप से टॉर्चर किया गया.
बिंद ने कहा कि मेरे साथ जो हुआ वह निंदनीय और असंवैधानिक था. चैनपुर की जनता इसका जवाब देगी.’ उन्होंने आगे कहा कि उनकी गाड़ी और साथियों की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी अवैध नहीं मिला. उन्होंने थाना प्रभारी पर दुर्भावना से काम करने और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया.
डिटेन करने की बात से इनकार
वहीं, इस मामले पर कैमूर के जिलाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि उन्हें ब्रजकिशोर बिंद को हिरासत में लेने की कोई जानकारी नहीं है. कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने भी डिटेन करने की बात को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि डीएसपी और थाना प्रभारी होटल जांच के दौरान कुछ लोगों को भागते हुए देखे, जिनमें से कुछ ने शराब पी रखी थी. जांच के बाद शराब पीने वालों की गिरफ्तारी की गई. सबकी पूछताछ की गई, लेकिन बृज किशोर बिंद को हिरासत में नहीं लिया गया. अब इस पूरे मामले को लेकर चैनपुर की सियासत गर्मा गई है और राजद प्रत्याशी के आरोपों पर प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं.
