कैमूर में दूसरे चरण की ड्यूटी पर तैनात कर्नाटक पुलिस के हेड कांस्टेबल की अचानक मौत से हड़कंप मच गया है. जांच में जुटी पुलिस।

कैमूर: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की ड्यूटी में कैमूर जिले के रामगढ़ पहुंचे कर्नाटक पुलिस के हेड कांस्टेबल राजकुमार की सोमवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई. यह दुखद घटना रामगढ़ हाईस्कूल परिसर में उस समय हुई जब साथी जवान उन्हें जगाने गए.

सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत: कर्नाटक पुलिस की पूरी टीम रामगढ़ हाईस्कूल में ठहरी थी. सुबह जब साथी जवान राजकुमार को जगाने पहुंचे तो वे बेहोश मिले. आनन-फानन में उन्हें रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. रामगढ़ बीडीओ जितेंद्र कुमार ने हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की है.

हेड कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव: बीडीओ ने बताया कि मौके पर पहुंचे रामगढ़ थानाध्यक्ष ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है. चुनावी ड्यूटी के बीच इस घटना से पुलिस बल में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल कानूनी कार्रवाई जारी है.

“हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार की मौत हार्ट अटैक से हुई है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है, घटना की सूचना पर रामगढ़ थाना अध्यक्ष अपने पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.”-जितेंद्र कुमार, बीडीओ, रामगढ़

बिहार चुनाव की ड्यूटी पर तैनात कर्नाटक पुलिस

45399 मतदान केंद्र:बिहार में दूसरे चरण के मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. चुनाव आयोग ने 122 सीटों के लिए कुल 45,399 मतदान केंद्र तैयार किए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5,326 शहरी बूथ शामिल हैं. 45,388 सामान्य व 11 सहायक बूथ बनाए गए हैं. इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

पहली बार वोट डालेंगे 7.69 लाख युवा:चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस चरण में 7 लाख 69 हजार 356 पहली बार मतदान करने वाले युवा शामिल हैं. 943 थर्ड जेंडर मतदाता, 43 एनआरआई और 6,255 सौ साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदान करेंगे. सेवा मतदाताओं की संख्या 63,373 है. सीमांचल, मिथिलांचल, चंपारण और मगध के मतदाता मैदान में उतरेंगे, जहां एनडीए-महागठबंधन के साथ जन सुराज और AIMIM ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है.

पहले चरण में 65% से ज्यादा वोटिंग, क्या दूसरे चरण में टूटेगा रिकॉर्ड?:पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 65 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था. अब सबकी निगाहें दूसरे चरण पर टिकी हैं कि बिहार के मतदाता नया कीर्तिमान रचते हैं या नहीं. आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया है. 14 नवंबर को मतगणना होगी, जिसके बाद साफ हो जाएगा कि बिहार की सत्ता किसके हाथ आएगी.