नगर निगम में उठे विवाद के बीच शनिवार को मेयर उषा देवी अग्रवाल ने उप महापौर मंजूर खान के आवासीय परिसर में प्रेसवार्ता कर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। मेयर उषा देवी ने कहा दरअसल, मेरा बेटा चुनाव में महागठबंधन से प्रत्याशी है।

उसकी बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी खेमे में हड़कंप मचा हुआ है। इसी घबराहट में एनडीए प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद के समर्थक पार्षदों द्वारा नगर निगम की कार्यप्रणाली पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं। स्पष्ट किया कि नगर निगम की समस्त कार्यवाही पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार चल रही है। उन्होंने दावा किया कि हमारे साथ 35 निगम पार्षद फिलहाल मौजूदगी के साथ खड़े हैं, जो यह प्रमाणित करता है कि निगम की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

मेयर ने कहा कि चुनावी माहौल में कुछ लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई ज्यादा दिनों तक छिपाई नहीं जा सकती। “कटिहार की जनता सब जानती है, जनता ही हमारी ताकत है। जनता के लिए विधान पार्षद अशोक अग्रवाल और मैं उषा देवी अग्रवाल लगातार आवाज बुलंद करते रही हूं और करते रहूंगी। उनके साथ में 2 केवल दो निगम पार्षद और दो पाषर्द प्रतिनिधि थे। वहीं, उप महापौर मंजूर खान ने भी मेयर का समर्थन करते हुए कहा कि नगर निगम पर लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन और राजनीति से प्रेरित हैं।