फर्जी ट्रैफिक पुलिस बनकर कर रहा था वसूली, असली पुलिस ने पकड़ा” ।बैंता थाना चौक पर फर्जी चेकिंग के दौरान युवक गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बैंता थाना की पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो ट्रैफिक पुलिस की वर्दी जैसा कपड़ा पहनकर आम लोगों से वसूली कर रहा था। यह युवक बैंता थाना चौक के पास “वाहन चेकिंग” के नाम पर पिछले कई दिनों से लोगों से पैसे ऐंठ रहा था।

थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रैफिक पुलिसकर्मी बनकर वाहनों की जांच कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जब उससे पहचान पत्र व नियुक्ति संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

युवक की पहचान मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के निवासी ऋषि कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से इस इलाके में फर्जी ट्रैफिक पुलिस बनकर वसूली कर रहा था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इस ठगी को अंजाम दे रहा था।