भाकपा माले के जुझारू नेता मनोज यादव की सड़क हादसे में दुखद मौत,कार्यकर्ताओं में शोक की लहर

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभगा।

भाकपा माले के जुझारू नेता और जिला कमेटी सदस्य मनोज यादव की एक भीषण सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी मौत को पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
यह हृदय विदारक दुर्घटना बिरौल के हाटी-कोठी से सहरसा जाने वाली मुख्य सड़क पर सोनपुर के निकट हुई। मनोज यादव बिरौल से अपने घर बड़गांव थाना क्षेत्र के तेनुआ स्थित गांव लौट रहे थे।
इसी क्रम में, उनकी बाइक सड़क से सटे मिट्टी के ढेर से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसी दौरान एक अज्ञात वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। सूचना मिलते ही बिरौल पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें तत्काल सीएचसी ले गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, सीएचसी के चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, दरभंगा ले जाने के क्रम में उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मनोज यादव के आकस्मिक निधन पर भाकपा माले और भाकपा के दर्जनों वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से रोहित सिंह,वैद्यनाथ यादव,माकपा नेता रघुनाथ झा,अशर्फी दास तथा कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हैं।
मनोज यादव को संगठन के प्रति उनके समर्पण और जुझारूपन के लिए याद किया जा रहा है। यह क्षति पार्टी के जमीनी संघर्षों के लिए एक बड़ा झटका है।