दरभंगा में 09 नवम्बर को घर-घर पहुँचकर दी जाएगी नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी,

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बनाया विशेष दल, शहरी-ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्रों में होगा डोर-टू-डोर अभियान

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के सचिव ने बताया कि 09 नवम्बर 2025 को जिले के शहरी, ग्रामीण एवं पिछड़े इलाकों में नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, गरीब, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक न्याय और विधिक अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है।

सचिव ने बताया कि इस अभियान के सफल संचालन के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों की टीम गठित की गई है।
सदर अनुमंडल क्षेत्र के लिए नीलाम्बर मिश्रा एवं प्रीति कुमारी, बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के लिए रामनाथ यादव एवं रानी कुमारी, जबकि बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र के लिए अनिल पासवान एवं सीमा कुमारी को प्रतिनियुक्त किया गया है।

यह टीम निर्धारित समयावधि में अपने कार्यों का संपादन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता से जोड़ने का प्रयास करेगी।
अभियान के दौरान लोगों को 13 दिसम्बर 2025 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही चाइल्ड फ्रैंडली लीगल सर्विस के तहत बच्चों को उनके अधिकारों से अवगत कराया जाएगा।

सचिव ने बताया कि 9 नवम्बर को लीगल सर्विस डे के अवसर पर इस अभियान के जरिए आम लोगों को विधिक सहायता की जानकारी देना मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने सभी अधिवक्ताओं, बार एसोसिएशन दरभंगा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं, प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों से इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।