दरभंगा के बिरौल में मारवाड़ी धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू, सुपौल बाजार में खुशी की लहर।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड अंतर्गत सुपौल बाजार में मारवाड़ी समाज के बहुप्रतीक्षित धर्मशाला के निर्माण कार्य के शुरू होने से स्थानीय लोगों और विशेष रूप से मारवाड़ी समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह धर्मशाला मंदिर घाट स्थित है और समाज के सामूहिक प्रयासों से अब यह सपना साकार होने जा रहा है।

बताया जाता है कि इस धर्मशाला भवन की आधारशिला लगभग 40 वर्ष पहले रखी गई थी। उस समय के प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति जैसे कैलाश प्रसाद टेकड़ीबाल, विश्वनाथ प्रसाद टिबड़ेवाल, आत्मा प्रसाद टेकड़ीवाल और समाज सेवी उमाशंकर प्रसाद ने इसकी नींव रखी थी। हालांकि, नींव रखने वाले गणमान्य व्यक्तियों के स्वर्गवास हो जाने के कारण निर्माण कार्य लंबे समय तक रुका रहा। अब, वर्तमान पीढ़ी ने इस अधूरे कार्य को पूरा करने का बीड़ा उठाया है। ओमप्रकाश टिबड़ेवाल, कुमार कन्हैया, विनोद गोयल, सुशील टिबड़ेवाल, ओम बंका, नंदू अग्रवाल, श्याम छापड़िया, बलराम टेकड़ीवाल सहित मारवाड़ी समाज के अन्य सदस्य इस अर्धनिर्मित भवन को विकसित करने और पूर्ण रूप देने में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। वहीं रामविलास भारती, अधिवक्ता नटवर मिश्र ने बताया कि इस धर्मशाला के निर्माण से केवल सुपौल बाजार के मारवाड़ी समाज को ही नहीं, बल्कि अन्य तबके के परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी। किसी भी मांगलिक कार्य, धार्मिक आयोजन, या सामाजिक समारोह के लिए एक सुसज्जित और किफायती स्थान उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। मारवाड़ी समाज का यह कदम सामाजिक एकता और सेवा भाव का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।