परिवर्तन और नई सोच के लिए लोगों ने बढ़-चढ़कर किया मतदान : डॉ. फराज फातमी,

बांकीपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी और डॉ. फराज फातमी ने किया मतदान

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों में लोकतंत्र के प्रति जबरदस्त उत्साह देखा गया। पूर्व केंद्रीय मो. अली अशरफ फातमी ने अपने पैतृक गांव बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के बांकीपुर राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय,बूथ संख्या 281 पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि बिहार के लोग इस बार परिवर्तन चाहते हैं,इसलिए बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास,रोजगार और बेहतर शासन चाहती है। इसी क्रम में केवटी विधानसभा क्षेत्र से राजद महागठबंधन के उम्मीदवार डॉ. फराज फातमी ने भी अपने गांव बांकीपुर के मतदान केंद्र पर पहुंचकर सबसे पहले मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव लोकतंत्र को बचाने और नई दिशा देने वाला चुनाव है। डॉ. फातमी ने कहा लोगों ने रोजगार,शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर मतदान किया है। जनता अब ऐसी सरकार चाहती है जो अपने वादों को पूरा करे और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाए।उन्होंने बताया कि इस बार युवाओं,महिलाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
उन्होंने आगे कहा कि जनता इस बार बिहार में नई सोच और नई ऊर्जा वाली युवा सरकार चाहती है। उन्होंने मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों का धन्यवाद देते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।बहादुरपुर और केवटी क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे थे और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे थे।
डॉ. फराज फातमी ने अंत में अपील की कि मतदान केवल अधिकार नहीं,बल्कि जिम्मेदारी भी है—हर मतदाता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।